प्रदेश भर में आज पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया है। रायपुर के माना में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने वीर जवानों को नमन किया। राज्यपाल, सीएम और डिप्टी ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल रमेन डेका ने शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, पुलिस के अदम्य साहस, पराक्रम और त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पुलिस के जवान 24 घंटे अपनी ड्यूटी पर सजग रहते हैं। जवान अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पूरा करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि इनकी बदौलत ही हम शांतिपूर्वक अपना जीवन बिताते हैं।
पुलिस का दायित्व अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। जहां एक ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी ओर नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना भी उनका कर्तव्य है। राज्यपाल डेका ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, जवानों के कर्तव्य और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया है और अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नियद नेल्लानार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से सुदूर अंचल के गांवों की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन की लड़ाई और तेज हुई है। राज्य सरकार मार्च 2026 तक इसके पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ रही है।