रथ यात्रा से पहले मटियापड़ा ओवर ब्रिज का काम तेज

  • Jul 03, 2026
Khabar East:Matiapada-ROB-On-Fast-Track-Ahead-Of-Rath-Yatra
भुवनेश्वर,03 जुलाईः

वार्षिक रथ यात्रा के दौरान पुरी में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ओडिशा सरकार ने टियापड़ा रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य में तेजी ला दी है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहार से पहले परियोजना के प्रमुख हिस्सों का काम पूरा कर यातायात को सुगम बनाया जाए। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रथ यात्रा के दौरान निर्बाध यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत कानून, लोक निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने लोक निर्माण विभाग को रथ यात्रा से जुड़े लंबित बुनियादी ढांचा कार्यों में तेजी लाने को कहा है।

 लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार सिंह लगातार पुरी का दौरा कर मटियापड़ा आरओबी परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। अपने ताजा निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों व इंजीनियरों के साथ बैठक की।

 अधिकारियों ने बताया कि बो-स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। प्रमुख सचिव ने संबंधित एजेंसी को डेक स्लैब कास्टिंग और शेष पीएससी गर्डर की लॉन्चिंग सहित बाकी निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि रथ यात्रा से पहले पुल को चालू किया जा सके।

 उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रथ यात्रा से पहले आरओबी की सर्विस रोड तैयार कर यातायात के लिए खोल दी जाए। साथ ही निर्माण सामग्री, मलबा और अन्य अपशिष्ट हटाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाने को कहा।

 टियापड़ा आरओबी पुरी शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों में से एक है। इसके चालू होने से रथ यात्रा के दौरान शहर में यातायात का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: