ओडिशा में पंचायत चुनाव अब 2027 की जनगणना पूरी होने के बाद ही कराए जाने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) ने संकेत दिया है कि जनगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। आयोग का लक्ष्य जून 2027 तक पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने का है। इसके लिए अप्रैल 2027 में चुनाव अधिसूचना जारी किए जाने की संभावना है। चुनाव की तैयारियों के तहत राज्य निर्वाचन आयोग पहले ही राजस्व मंडल आयुक्तों (RDC) और सभी जिला कलेक्टरों के साथ बैठक कर चुका है। वहीं, 21 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इस बार पहली बार राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव से पहले घर-घर सर्वेक्षण कराएगा। इसके साथ ही मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए बूथवार सर्वे भी किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव संतोष कुमार दास ने बताया कि इस सर्वेक्षण से मतदाता सूची अधिक सटीक होगी, लोगों के लिए मतदान करना आसान बनेगा और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का कार्य जारी रहने के कारण इस बार पंचायत चुनाव में थोड़ी देरी होगी। एसआईआर का कार्य मार्च 2027 के पहले सप्ताह तक चलेगा। इसके पूरा होने से पहले चुनाव कराना संभव नहीं है। पहले पंचायत चुनाव प्रायः फरवरी में होते थे, लेकिन इस बार पंचायत और नगर निकाय दोनों चुनाव अप्रैल-मई 2027 में कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई अलग-अलग इलाकों के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को मतदान में परेशानी होती है और मतदान प्रतिशत भी प्रभावित होता है। नए सर्वेक्षण के जरिए इन खामियों को दूर कर त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता डेटाबेस तैयार किया जाएगा।
सर्वेक्षण के बाद आयोग बूथवार मतदाता सूची जारी करेगा, ताकि प्रत्येक मतदान केंद्र पर केवल उसी भौगोलिक क्षेत्र के मतदाता शामिल हों और वे अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर ही मतदान कर सकें।