ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक महासंघ (ओएमफेड) ने दूध की कीमतों में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं।
संशोधित दरों के अनुसार, टोंड दूध अब 50 रुपये की जगह 54 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। प्रीमियम दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 58 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, गोल्ड प्रीमियम दूध अब 56 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर और गोल्ड प्रीमियम प्लस दूध 60 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। आधा लीटर दूध का पैकेट, जिसकी कीमत पहले 27 रुपये थी, अब 29 रुपये में मिलेगा।
यह मूल्य वृद्धि ओएमफेड द्वारा हाल ही में दूध उत्पादकों के लिए खरीद मूल्य बढ़ाने की घोषणा के बाद की गई है। 1 मई 2026 से डेयरी किसानों को अब 38.05 रुपये की बजाय 39.05 रुपये प्रति लीटर भुगतान किया जाएगा। इस फैसले से सहकारी संस्था से जुड़े करीब तीन लाख डेयरी किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
ओएमफेड अधिकारियों के अनुसार, पशु आहार, चारा, दवाइयों और रखरखाव खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के कारण खरीद और खुदरा कीमतों में यह संशोधन करना आवश्यक हो गया था। बढ़ती लागत का असर राज्य में दूध उत्पादन पर भी पड़ा है।