पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने पश्चिम चंपारण से आज से यात्रा की शुरुआत कर दी है। जेडीयू कार्यालय से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने निशांत को रवाना किया। निशांत के साथ जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधायक दल के नेता श्रवण कुमार और युवा विधायकों की टीम भी रहेगी। निशांत उसी 'रथ' से सद्भाव यात्रा पर निकले हैं, जिससे नीतीश कुमार ने 2025 में विधानसभा का चुनाव प्रचार किया था। आधुनिक सुविधाओं से लैस 'निश्चय रथ' से निशांत बिहार भ्रमण करेंगे। लोगों से संवाद करेंगे फीडबैक लेंगे और अपनी बात कहेंगे। पार्टी के नेताओं का कहना है कि निशांत हमारे भविष्य हैं। लोगों की मांग पर उन्होंने राजनीति में कदम रखा है।
वहीं, परिवारवाद के नाम पर पार्टी के विधायक सफाई देते हुए कह रहे हैं कि नीतीश कुमार ने निशांत को नहीं लाया, बल्कि उन्होंने राजनीति में आने से रोका है। हम लोग तो चाहते हैं कि निशांत सीएम बनें लेकिन अब जो जनता चाहेगी, वही होगा। निशांत आज यात्रा शुरू करने से पहले सात सर्कुलर रोड आवास पहुंचे और पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया।
बतादें कि निशांत 8 मार्च को जेडीयू में शामिल हुए थे। उसके बाद से लगातार एक्टिव हैं। अब पिता की तरह ही पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे। पश्चिम चंपारण से नीतीश कुमार भी यात्रा की शुरुआत करते रहे हैं। डेढ़ दर्जन से अधिक नीतीश कुमार ने यात्रा की है, अब निशांत भी उन्हीं के पद चिह्नों पर चलकर चंपारण से ही यात्रा की आज से शुरुआत कर रहे हैं।
निशांत ने सद्भाव यात्रा नाम दिया है। पार्टी कार्यालय में फूलों से निशांत का स्वागत करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने निशांत को यात्रा के लिए रवाना किया। उमेश कुशवाहा और श्रवण कुमार के साथ युवा विधायकों की टीम भी निशांत के पहले चरण के दो दिवसीय सद्भाव यात्रा में साथ रहेगी।