ओडिशा सरकार ने 2026 खरीफ धान खरीद (प्रोक्योरमेंट) सीजन के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। सरकारी आदेश के अनुसार, किसान छह अगस्त से 31 अगस्त तक अपने नजदीकी प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (PACS) से नया पंजीकरण फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर भरा हुआ फॉर्म उसी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
पंजीकरण फॉर्म के साथ किसानों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी, आधार से लिंक मोबाइल नंबर (या वैकल्पिक मोबाइल नंबर), रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) या भूमि संबंधी दस्तावेज, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की फोटो कॉपी तथा किसान रजिस्ट्री या एग्री स्टैक नंबर संलग्न करना होगा।
बटाईदार किसानों को भूमि मालिक की सहमति-पत्र भी देना अनिवार्य होगा।
पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अनिवार्य है।
पंजीकरण फॉर्म में किसानों को यह भी बताना होगा कि वे खरीफ धान खरीद योजना के तहत अपना धान किस महीने और किस पखवाड़े में बेचना चाहते हैं।
बटाईदार किसानों के मामले में, खेती करने वाले किसान और भूमि मालिक दोनों का आधार आधारित ई-केवाईसी किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान भूमि मालिक की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।