राष्ट्रमंडल खेलः सीएम माझी ने भारतीय पदक विजेताओं को दी बधाई

  • Aug 02, 2026
Khabar East:Odisha-CM-Majhi-Congratulates-Indian-Medal-Winners-At-Commonwealth-Games-2026
भुवनेश्वर,02 अगस्तः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन को देश के लिए गर्व का क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने महिला 63 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपके कौशल और दृढ़ संकल्प ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

पैरा एथलेटिक्स में पुरुष पैरा शॉट पुट एफ-57 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों के ऐतिहासिक पहले और दूसरे स्थान पर रहने की उपलब्धि की भी मुख्यमंत्री ने सराहना की। सोमन राणा ने स्वर्ण पदक और शुभम जुयाल ने रजत पदक जीता।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय पैरा खेलों के लिए गर्व का विषय है और खिलाड़ियों की असाधारण ताकत, जुझारूपन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।

 मुख्यमंत्री ने भारतीय मुक्केबाजी दल के शानदार प्रदर्शन की भी प्रशंसा की। प्रिया घंघास ने महिला 60 किलोग्राम वर्ग, सचिन सिवाच ने पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग और अंकुश पंघाल ने पुरुष 80 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 वहीं, दुमणि सिंह मेंडेंगबाम ने पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग, लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किलोग्राम वर्ग और नरेंद्र बरवाल ने पुरुष 90+ किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों की ये शानदार उपलब्धियां उनके दृढ़ संकल्प, अनुशासन और खेल उत्कृष्टता का परिचायक हैं। इन सफलताओं ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

 उन्होंने टीम इंडिया को राष्ट्रमंडल खेलों में आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक नई सफलताएं हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: