ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि राज्य के शहरों को ऐसे आर्थिक केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जहां युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हों, उद्यमिता को बढ़ावा मिले और रोजगार के अवसर सृजित हों। यह बात मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी कृषि शिक्षा सदन में आयोजित राज्य स्तरीय स्थानीय स्वशासन दिवस-2026 समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमारे शहर केवल रहने की जगह नहीं हैं, बल्कि रोजगार, उद्यम, शिक्षा और समृद्धि के केंद्र हैं।
मुख्यमंत्री ने नवगठित 28 अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (NACs) में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 560 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक NAC को 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, इस राशि का इस्तेमाल संबंधित शहरी क्षेत्रों में सड़कों, नालियों, बाजारों और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत राज्य के 62 शहरी क्षेत्रों में 323 करोड़ रुपये की लागत वाली 593 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इनमें 102 करोड़ रुपये की 423 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 221 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 170 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को सम्मान और गरिमा के साथ सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान ओडिशा अर्बन एकेडमी और श्री श्री यूनिवर्सिटी, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स के बीच नगर निकायों की क्षमता निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा कॉम्प्रिहेंसिव रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट (CRUT) और श्री श्री यूनिवर्सिटी के बीच भी एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ।
मुख्यमंत्री ने 115 नगर निकायों में OSWAN वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-बन्धु और ओडिशा यात्री S.O.S. ऐप भी लॉन्च किया गया।
मुख्यमंत्री ने नगर निकाय कर्मचारियों, स्वच्छ साथी और जल साथी कार्यकर्ताओं, सफाई कर्मचारियों तथा CRUT कर्मचारियों के समर्पित कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य में 28 नए एनएसी और सात नई नगरपालिकाओं का गठन किया गया है। इसके अलावा पुरी को नगर निगम का दर्जा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे एनएसी और नगरपालिकाओं में भी शहरी बुनियादी ढांचे के विकास को समान महत्व दे रही है। उन्होंने स्वच्छ और नशामुक्त ओडिशा के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
भुवनेश्वर एकाम्र विधायक बाबू सिंह ने भुवनेश्वर को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आजीविका के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट शहर के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर सुलोचना दास ने टिकाऊ शहरी विकास के लिए शहरी नागरिकों के सहयोग को जरूरी बताया।