बिहार में फिर बरपा जहरीली शराब का कहर, चार लोगों की मौत

  • Aug 31, 2026
Khabar East:Spurious-liquor-wreaks-havoc-in-Bihar-again-four-dead
पटना,31 अगस्तः

शराबबंदी वाले बिहार के पटना जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना बाढ़ थाना के बेढ़ना गांव में हुई। मृतकों के परिवारों के अनुसार, चारों लोगों ने शराब पी थी और उसके तुरंत बाद वे बीमार पड़ गए। उन्हें पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को बेढना गांव में चार लोगों की मौत हो गई और उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा। कानून के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि इस दावे की भी जांच की जाएगी कि उनकी मौत जहरीला पदार्थ पीने से हुई है। मृतकों की पहचान शशि कुमार, विकास राम, पंकज सिंह और निशु कुमार के रूप में हुई है। बिहार सरकार ने पांच अप्रैल, 2016 को राज्य में शराब की बिक्री और उपभोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: