73वीं अखिल भारतीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 का आयोजन ओडिशा पुलिस के तत्वावधान में 7 से 15 अप्रैल तक भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में किया जाएगा। चैंपियनशिप की तैयारियों पर चर्चा के लिए राज्य पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। देश भर से 27 पुरुष और 10 महिला पुलिस टीमों के भाग लेने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और गणमान्य व्यक्ति भी इसमें शामिल होंगे। डीजीपी ने वरिष्ठ अधिकारियों को खिलाड़ियों और मेहमानों के लिए आवास, अभ्यास सुविधाएं और सुरक्षा उपायों सहित व्यापक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इस आयोजन में कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों और प्रतिष्ठित हस्तियों के भाग लेने की संभावना है। इसे देखते हुए डीजीपी ने खिलाड़ियों और मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था करने पर जोर दिया। इसके अलावा डीजीपी ने बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को खिलाड़ियों के आवास, नियमित अभ्यास, अतिथियों का स्वागत व सत्कार, उद्घाटन व समापन समारोह को परेशानी मुक्त तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया। खिलाड़ी कलिंग स्टेडियम पोखरीपुट व कीट परिसर मैदान में अभ्यास करेंगे। डीजीपी ने मेगा इवेंट के लिए विशेष व्यवस्था करने का आदेश दिया है। इसके मद्देनजर डीजीपी ने व्यापक सुरक्षा उपाय अपनाने का भी आदेश दिया है।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों में अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे व तटीय सुरक्षा) अरुण बोथरा, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) संजय कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) दयाल गंगवार, अपर पुलिस महानिदेशक राजेश कुमार, अपर पुलिस आयुक्त (कटक-भुवनेश्वर) नरसिंह भोला, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनूप कुमार साहू, पुलिस महानिरीक्षक (एसएपी) अविनाश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) डॉ. सार्थक षड़ंगी, पुलिस उप महानिरीक्षक (पुलिस अधीक्षक) रंजीत सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (पुलिस अधीक्षक) रवींद्र कुमार (अपराध) प्रकाश आर, डीआइजीपी (प्रोविजनिंग) चरण सिंह मीना, डीआइजीपी (कार्मिक) जुगल किशोर कुमार बनोठ, एसपी (रेलवे) विवेकानंद शर्मा और डीसीपी (कटक) खिलारी ऋषिकेश ज्ञानदेव शामिल थे।