कोलकाता से लेकर दक्षिण बंगाल तक भीषण गर्मी का अलर्ट

  • Mar 13, 2025
Khabar East:Severe-heat-alert-from-Kolkata-to-South-Bengal
कोलकाता,13 मार्चः

होली से पहले ही पश्चिम बंगाल में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दक्षिण बंगाल के चार जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को जारी मौसम विभाग के बयान के अनुसार, शनिवार और रविवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो सकता है। कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी हो रही है।अलीपुर स्थित मौसम विभाग ने बताया कि बांकुड़ा, बीरभूम, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्धमान जिलों में अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी रविवार को तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहने की संभावना है। कोलकाता का तापमान पहले ही 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। होली से पहले शहर में तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पश्चिम बर्धमान के पानागढ़ में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं, दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर और बांकुड़ा में भी तापमान 35 डिग्री तक पहुंच चुका है। कलाइकोंडा और पुरुलिया में भी तापमान 35 डिग्री के पार हो गया है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान चार डिग्री तक और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण ओडिशा और झारखंड में लू चलेगी, जिसका असर बंगाल के कुछ जिलों में भी देखने को मिलेगा। दक्षिण बंगाल जहां गर्मी से झुलस रहा है, वहीं उत्तर बंगाल में अब भी मौसम सुहावना बना हुआ है।

 मौसम विभाग ने आज उत्तर बंगाल में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि, शुक्रवार के बाद यहां भी मौसम शुष्क हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। अगले पांच दिनों में उत्तर बंगाल में भी गर्मी बढ़ने के संकेत हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: