ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिडा ने गुरुवार को ओडिशा ट्रैवल बाजार (OTB) 2026 के सातवें संस्करण की घोषणा की। इसका आयोजन 3 से 5 अक्टूबर तक भुवनेश्वर के मेफेयर सैंक्चुअरी में होगा। इसकी घोषणा मेफेयर लैगून में आयोजित प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। पर्यटन विभाग और FICCI के संयुक्त आयोजन में होने वाले इस तीन दिवसीय B2B पर्यटन बाजार में 92 से अधिक निजी कंपनियों के प्रदर्शक, 27 देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर और 32 शहरों के घरेलू खरीदार शामिल होंगे। इस दौरान 6,000 से अधिक पूर्व निर्धारित बिजनेस मीटिंग होने की उम्मीद है।
प्रभाति परिडा ने कहा कि राज्य सरकार की पर्यटन रणनीति का उद्देश्य स्थानीय समुदायों और छोटे कारोबारियों को पर्यटन से सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाना तथा वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर ओडिशा की पहचान मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म, होमस्टे और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में राज्य की नीतियां ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने में मदद कर रही हैं।
पर्यटन से होने वाला लाभ केवल होटल और रिसॉर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्थानीय समुदायों तक भी पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने मीडिया और वैश्विक पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों से ओडिशा की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को दुनिया तक पहुंचाने में ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाने का आह्वान किया। ओटीबी 2026 के तहत राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए आठ FAM टूर आयोजित किए जाएंगे। इनमें विरासत एवं आध्यात्मिक पर्यटन, प्रकृति एवं वन्यजीव, जनजातीय परंपराएं, तटीय आकर्षण और अनुभव आधारित पर्यटन को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बराड़ का अनुभव साझा करने वाला सत्र भी प्रमुख आकर्षण होगा।