पुरी में फर्जी होटल बुकिंग पर पुलिस का शिकंजा

  • Jul 21, 2026
Khabar East:Police-crack-down-on-fake-hotel-bookings-in-Puri
पुरी,21 जुलाईः

रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने के बीच ओडिशा पुलिस की साइबर सेफ्टी एंड रिस्पॉन्स टीम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निशाना बनाने वाली ऑनलाइन ठगी पर रोक लगाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत टीम ने पुरी के सात प्रमुख होटलों का दौरा कर होटल प्रबंधन को फर्जी होटल बुकिंग घोटालों के प्रति जागरूक किया। रथ यात्रा के दौरान इस तरह की साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए होटलों की आधिकारिक वेबसाइटों की भी जांच की गई और सुरक्षा संबंधी कमजोरियों को दूर करने के लिए आवश्यक सलाह जारी की गई।

 अब तक पुलिस टीम ने तीर्थनगरी में 1,460 से अधिक पर्यटकों और श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया है। इस दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े पर्चे वितरित किए गए और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

 बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार को फर्जी होटल बुकिंग से जुड़ी 8 वेबसाइटों को बंद (टेकडाउन) कराया। इसके अलावा, खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाने के लिए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर 10 मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतें भी दर्ज की गईं।

 ओडिशा पुलिस ने लोगों से रथ यात्रा-2026 को सुरक्षित, संरक्षित और साइबर जागरूक बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: