प्रदेश के मुख्यमंत्री का ऐलान आज, अमित शाह पहुंचे कोलकाता

  • May 08, 2026
Khabar East:State-Chief-Ministers-Announcement-Today-Amit-Shah-Arrives-in-Kolkata
कोलकाता,08 मईः

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान आज हो सकता है। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं, जहां शुभेंदु अधिकारी समेत बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह से पहले विधायक दल का नेता चुनने के लिए आज शाम चार बजे पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। यह बैठक अमित शाह की देखरेख में होगी, जिसमें बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है, जो बंगाल का अगला मुख्यमंत्री होगा। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में नई सरकार 9 मई को शपथ लेगी। सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराने वाले बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने की प्रबल संभावना है। मुख्यमंत्री पद के लिए दूसरे नामों पर विचार किया जा रहा है उनमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता शामिल हैं।

 चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा देने से मना कर दिया था। हालांकि, राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को विधानसभा भंग कर दी। राज्यपाल के ऑफिस ने गुरुवार को संविधान के आर्टिकल 174(2)(b) के तहत मिली शक्तियों का हवाला देते हुए विधानसभा भंग करने की घोषणा की। लोक भवन (पहले राजभवन) के एक बयान में कहा गया कि यह आदेश संवैधानिक नियमों के अनुसार तुरंत लागू हो गया है। इसी के साथ बंगाल में टीएमसी सरकार का अंत हो गया। विधानसभा भंग होने से पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार का रास्ता साफ हो गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: