राजधानी पटना में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण के दो मामलों की पुष्टि हुई है। कंकड़बाग और अगमकुआं इलाके के रहने वाले दो मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों मरीजों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण सामने आने के बाद उनके सैंपल जांच के लिए पटना सिटी स्थित राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरएमआरआई) की लैब भेजे गए थे। जांच के बाद दोनों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। आरएमआरआई प्रशासन के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान शहर के अलग-अलग अस्पतालों से स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले 25 से अधिक संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए पहुंचे। इनमें दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। संक्रमित मरीजों की उम्र 47 और 52 वर्ष बताई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शुरुआती स्तर पर लक्षणों को पहचानना और समय पर जांच कराना बीमारी को गंभीर होने से रोकने में अहम भूमिका निभाता है।
आरएमआरआई के निदेशक डॉ. कृष्णा पांडे ने बताया कि 'दिल्ली और उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने की जानकारी के बीच संस्थान को भी अलर्ट किया गया है। अधिक से अधिक संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच करने और लोगों को बीमारी के लक्षणों व बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।
पटना में दो मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग घबराएं नहीं, लेकिन सर्दी-बुखार और खांसी जैसे लक्षणों को हल्के में भी न लें। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह से बीमारी का उपचार संभव है। संक्रमण के लक्षण महसूस होते हैं तो नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं।