राजधानी भुवनेश्वर के बड़गड़ थाना क्षेत्र स्थित बीजेबी नगर में शनिवार को निर्माणाधीन शौचालय टैंक ढह जाने से दो निर्माण मजदूरों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे और निर्माणाधीन शौचालय टैंक की शटरिंग की लकड़ियां (शटरिंग प्लैंक) हटा रहे थे। इसी दौरान अचानक टैंक का ढांचा भरभराकर गिर गया, जिससे दोनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा दोनों मजदूरों को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन टैंक की शटरिंग हटाने के दौरान ही ढांचा ढह गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या था और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही की भूमिका तो नहीं थी।