रंगदारी मांगने वाले गिरोह का धनबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में कुख्यात प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का भय दिखाकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की डिमांड की गई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया। इसकी पुष्टि सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने की है।सिटी एसपी ने बताया कि 6 मई 2026 को व्यवसायी गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया था कि अज्ञात अपराधियों द्वारा फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो। नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार का नाम लेकर लोगों में दहशत पैदा करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद के असर्फी अस्पताल संचालक से भी रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक कीपैड मोबाइल और एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की भी जांच में जुटी है।