ओडिशा मैट्रिक रिजल्ट घोषित 95.33 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण

  • May 02, 2026
Khabar East:Odisha-Matric-Results-2026-Pass-Rate-At-9533-Scorecards-Available-From-6-PM
कटक,02 मईः

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ओडिशा ने शनिवार को वार्षिक हाईस्कूल सर्टिफिकेट (मैट्रिक) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष कुल 95.33 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

परिणामों की औपचारिक घोषणा बोर्ड कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोड़ ने बोर्ड अध्यक्ष श्रीकांत तराई और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में की।

इस वर्ष कुल 5,36,306 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 5,19,251 छात्र उत्तीर्ण हुए है। बोर्ड के अनुसार परीक्षा के दौरान 8,364 छात्र अनुपस्थित रहे।

 ग्रेड के अनुसार परिणामों में 2,456 छात्रों ने A1 ग्रेड, 15,681 ने A2, 43,565 ने B1, 86,103 ने B2, 1,29,813 ने C ग्रेड, 1,46,152 ने D ग्रेड और 95,481 छात्रों ने E ग्रेड प्राप्त किया।

 जिलावार प्रदर्शन में गजपति जिले का पास प्रतिशत सबसे अधिक 99.31 फीसदी रहा, जबकि केंदुझर जिले का सबसे कम 95.33 फीसदी दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि 3,310 हाईस्कूलों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि तीन स्कूलों का रिजल्ट शून्य रहा।

 मैट्रिक परीक्षा 19 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक राज्य के 3,082 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। मूल्यांकन प्रक्रिया 19 मार्च से शुरू हुई थी।

बोर्ड ने एचएससी परिणामों के साथ-साथ स्टेट ओपन स्कूल सर्टिफिकेट और मध्यमा परीक्षा के परिणाम भी घोषित किए।

 छात्र शाम 6 बजे से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इंटरनेट सुविधा सीमित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए एसएमएस सुविधा भी शुरू की गई है। छात्र OR10<RollNo> टाइप कर 5676750 पर भेजकर अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।

पहली बार बोर्ड सफल छात्रों को द्विभाषी प्रमाणपत्र जारी करेगा, जो ओड़िया और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे।

स्कूलों के प्रधानाचार्य शनिवार शाम 7 बजे से आधिकारिक वेबसाइट से टैबुलेशन रजिस्टर डाउनलोड कर सकेंगे।

 गौरतलब है कि वर्ष 2025 में कुल पास प्रतिशत 96.7 फीसदी रहा था, जिसमें छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया था।

Author Image

Khabar East

  • Tags: