पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी है। पार्टी ने यहा अहम संगठनात्मक कदम उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। खबर के मुताबिक, राज्य में 9 मई को नई सरकार का शपथग्रहण होगा। भाजपा के संसदीय बोर्ड ने पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने 5 मई 2026 को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि, शाह पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक (सेंट्रल ऑब्जर्वर) की भूमिका निभाएंगे। वहीं, बीजेपी की प्रेस विज्ञप्ति में यह भी जानकारी दी गई है कि, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक की नियुक्त किया है।
भाजपा के ये दोनों नेता पश्चिम बंगाल में विधायक दल की बैठक और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे।
सोमवार को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर भाजपा ने बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है।