भारत यात्रा पर बोधगया पहुंचे वियतनामी राष्ट्रपति

  • May 05, 2026
Khabar East:Vietnamese-President-Arrives-in-Bodh-Gaya-on-Visit-to-India
पटना,05 मईः

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार को बोधगया पहुंचे हैं। पहले गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन व स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद थे। गया एयरपोर्ट से वियतनाम के राष्ट्रपति सड़क मार्ग से बोधगया के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में विशेष रूप से पूजा-अर्चना की। साथ ही पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे ध्यान लगाया। इसके बाद वे वियतनामी मठ के लिए भी रवाना हुए। दिनभर कार्यक्रम के बाद देर संध्या वे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। वियतनामी राष्ट्रपति तो लाम के बिहार दौरे को लेकर बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। साथ ही कई सड़क मार्ग को डाइवर्ट भी किया गया है।

 मौके पर मौजूद बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वियतनाम के राष्ट्रपति एक दिवसीय दौरे पर बोधगया आए हैं। जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित हमलोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया है।

 दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 'यह बंगाल के जनता की जीत है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में विश्वास जताया है। आने वाले समय में वहां डबल इंजन की सरकार बनेगी और पश्चिम बंगाल का व्यापक विकास होगा। प्रधानमंत्री का सपना विकसित देश और विकसित राज्य का है। आने वाले समय में इसका फलाफल बंगाल में देखने को मिलेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: