नारकोटिक्स ब्यूरो यानी एनसीबी ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के मोतिहारी से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए नकद और भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। इस मामले में कुख्यात ड्रग्स तस्कर पप्पू जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है, जो हिंदरी बाजार का बड़ा किराना व्यवसायी है। नारकोटिक्स ब्यूरो को सूचना मिली थी कि इलाके में किराना व्यवसाय की आड़ में ड्रग्स का बड़ा सिंडिकेट एक्टिव है। इस इनपुट के बाद एनसीबी ने करीब एक सप्ताह तक सादे लिबास में रेकी की। एक अधिकारी साइकिल से रोज तस्कर की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। रेकी के दौरान स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर साइकिल सवार एनसीबी अधिकारी को पकड़ भी लिया था, जिसे बाद में टीम ने मुक्त कराया। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एनसीबी की टीम ने बीती रात एक साथ तीन जगहों पर दबिश दी - हिंदरी बाजार पानी टंकी के पास स्थित किराना दुकान, गोदाम और तस्कर पप्पू जायसवाल के घर पर। सबसे पहले टीम किराना दुकान पहुंची, जहां तलाशी के दौरान चार ड्रमों में छिपाकर रखा गया कैश बरामद हुआ। तस्कर ने ड्रम के अंदर नोटों की गड्डियां रखी थीं और ऊपर से तेल के पाउच डाल दिए थे, ताकि किसी को शक न हो।
दुकान के बाद टीम हिंदरी बाजार स्थित गोदाम पहुंची। यहां से करीब दस बोरा डोडा पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद टीम तस्कर के घर भी गई, जहां से भी कुछ नकदी मिली। कुल मिलाकर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए कैश और भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त किया गया है। गिरफ्तार तस्कर पप्पू जायसवाल मूल रूप से पिपरा का रहने वाला है और पिछले चार साल से हिंदरी बाजार में किराना दुकान चला रहा था।
एनसीबी की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पप्पू जायसवाल बड़ा किराना व्यापारी होने का दिखावा करता था, लेकिन अंदर ही अंदर ड्रग्स का नेटवर्क चला रहा था। नारकोटिक्स ब्यूरो अब पप्पू के बैंक खातों, संपत्ति और नेटवर्क की जांच कर रही है। उसके संपर्क बिहार से बाहर भी होने की आशंका है।