देश में छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान सहित नौ राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति ने रामेन डेका को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रामेन डेका को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल नियुक्त होने के लिए बधाई दी और उनका छत्तीसगढ़ में स्वागत किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- आदरणीय रामेन डेका को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित ही एक संरक्षक के रूप में आपके विशाल सामाजिक, राजनीतिक एवं संसदीय अनुभव का लाभ 3 करोड़ छत्तीसगढ़वासियों को मिलेगा। समस्त छत्तीसगढ़वासी आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन की जगह असम से भाजपा के पूर्व सांसद रामेन डेका को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। रामेन डेका असम से दो बार सांसद रहे हैं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। रामेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को हुआ था। उनकी गिनती असम के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में होती है। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल डेका 1980 के आसपास राजनीति में प्रवेश किया। 70 वर्षीय रामेन डेका असम के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहे और भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर कई जिम्मेदारियों को संभाला। वह पहली बार 2009 में असम की मंगलदोई सीट से सांसद चुने गए। उसके बाद 2014 में लगातार दो बार सांसद बने।