बेऊर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने किराए के मकान में रहकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नवादा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये शातिर आरोपी भीम ऐप के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे। लोन दिलाने के नाम पर,साथ ही फर्जी“प्ले बॉय”ऐप के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनसे मोटी रकम की ठगी की जाती थी। अब तक इस गिरोह के खिलाफ कई राज्यों से करोड़ों रुपये की ठगी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है,जिनमें कई अहम सुराग मिले हैं। बिहार के कई जिलों में भी इनके खिलाफ साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।
साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड गुलशन भी पकड़ा गया है। उसने बताया कि वह पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आया था,लेकिन खुद साइबर ठगी का शिकार होने के बाद इस अपराध की दुनिया में उतर गया और फिर लोगों को ठगने लगा। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।