ओडिशा के कटक जिले में रविवार शाम नराज स्थित पुराने पुल पर सेल्फी लेते समय तीन युवक महानदी में गिर गए। इनमें से दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक तेज बहाव में लापता हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:15 बजे हुई। कटक के मछुआ बाजार क्षेत्र के तीन युवक नराज के पुराने पुल पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे महानदी में गिर पड़े। नदी का तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहा ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बारंग अग्निशमन केंद्र (फायर सर्विस) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और दो युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
हालांकि, एक युवक अब भी तेज बहाव में लापता है। उसे तलाशने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है।