नेपाल जेल से भागे 10 कैदी बिहार बॉर्डर पर गिरफ्तार

  • Sep 10, 2025
Khabar East:10-prisoners-who-escaped-from-Nepal-jail-were-arrested-on-Bihar-border
सीतामढ़ी,10 सितंबरः

नेपाल में जारी हिंसक आंदोलन के बीच जेल ब्रेक की घटना से हड़कंप मचा है। मंगलवार देर शाम नेपाल के महोतरी जिले के जलेश्वर जेल से 550 कैदी फरार हो गए। इस घटना के बाद से नेपाल से सटे बिहार बॉर्डर पर अलर्ट है। जलेश्वर जिला अधिकारी ने 550 कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है। इधर 10 कैदियों को एसएसबी ने पकड़ा है, जो बिहार के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे। नेपाल के कई शहरों में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, कई लोग घायल बताए जा रहे है। पड़ोसी देश में अस्थिरता के बीच, मंगलवार की रात बिहार के सीतामढ़ी जिले से सटे भीठ्ठा बॉर्डर से कुछ ही किलोमीटर दूर नेपाल में जेल ब्रेक की घटना से बिहार के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट है।

  बिहार पुलिस और एसएसबी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सीतामढ़ी के कारोबारी मनोज कुमार, जो जलेश्वर में व्यापार करते हैं, उन्होंने बताया कि, ''सोमवार को जलेश्वर जेल पर आंदोलनकारियों ने हमला कर दिया। आंदोलनकारियों को देख पुलिस पीछे हट गई जिसके बाद जेल में मौजूद 550 कैदी फरार हो गए। जेल में कई नेता भी बंद थे, उनकी भी फरार होने की सूचना है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

 इधर एसएसबी सूत्रों की माने तो नेपाल में जेल ब्रेक की घटना के बाद कुछ कैदी जो जलेश्वर जेल से फरार हुए थे, मंगलवार की रात बिहार के रास्ते भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे, तभी एसएसबी जवानों ने पूछताछ के बाद उन्हें पकड़ लिया। इन 10 कैदियों को सीतामढ़ी जिले के सुरसंड और भिट्ठा थाना के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार कैदियों में दो भारतीय है। सात कैदियों को भिट्ठा ओपी, जबकि तीन को सुरसंड थाना को सौंप दिया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: