रांची के तबारक लॉज से आईएसआईएस के एक आतंकी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई है। अशहर दानिश नाम का यह आतंकी लॉज में काफी दिनों से अपना ठिकाना बनाए हुए था। अशहर झारखंड का ही रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आतंकी को गिरफ्तार कर अपने साथ रिमांड पर दिल्ली ले जाएगी। गिरफ्तार आतंकी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबरक लॉज में कमरा लेकर रह रहा था। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को इस आतंकी के बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद झारखंड एटीएस के साथ समन्वय स्थापित कर लॉज में छापेमारी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एटीएस और दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने लॉज से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।दिल्ली पुलिस के स्पेसल सेल को लॉज के कमरे की जांच के दौरान कई आपत्तिजनक चीजे बरामद हुई है। स्पेशल सेल के द्वारा कुछ केमिकल, आपत्तिजनक दस्तावेज और नक्शे आदि बरामद किए गए हैं। झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा ने बताया कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को मिले इनपुट पर यह रेड की गई है। जो भी दस्तावेज बरामद हुई है, जांच के बाद उसके बारे में जानकारी दी जाएगी।
रांची के पथलकुदवा स्थित इस्लामनगर के तबरक लॉज में एक आतंकी के हथियार के साथ पनाह लेने की सूचना पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल झारखंड पुलिस से संपर्क स्थापित कर मंगलवार की रात ही रांची पहुच चुकी थी। रात में ही झारखंड एटीएस और रांची पुलिस का संयुक्त प्लान बना और रात से ही सस्पेक्ट पर नजर रखी जाने लगी।
इस दौरान बुधवार सुबह दो बजे झारखंड एटीएस, रांची पुलिस और दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के लगभग 200 अफसरों और जवानों ने तबरक लॉज को घेर लिया। पूरी सुरक्षा के साथ अशहर दानिश का कमरा खुलवाया गया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।