ओडिशा के सोनपुर जिले में रविवार तड़के एक शादी समारोह से लौट रही बस के पलट जाने से 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा बिनिका थाना क्षेत्र के करतांग गांव के पास हुआ।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बस में दूल्हे पक्ष के 58 लोग सवार थे और यह बौध से बरगढ़ जिले के सोहेला स्थित कमगांव लौट रही थी। रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों का इलाज सोनपुर मेडिकल और बुरला अस्पताल में चल रहा है। कुछ यात्रियों को हाथ-पैर टूटने जैसी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा संभवतः ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ, जिससे बस का नियंत्रण खो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बिनिका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।