हावड़ा के 25 वार्ड जलमग्न, डेंगू का बढ़ा खतरा

  • Sep 04, 2026
Khabar East:25-wards-of-Howrah-submerged-danger-of-dengue-increased
कोलकाता,04 सितंबरः

लगातार बारिश के कारण हावड़ा नगर निगम क्षेत्र के आधे से अधिक वार्डों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है। 50 वार्डों वाले हावड़ा नगर निगम क्षेत्र में कम से कम 25वार्डों में पानी जमा है। निचले इलाकों में कहीं घुटने तो कहीं कमर तक पानी पहुंच गया है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की ओर से अतिरिक्त पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की जा रही है। वहीं पेयजल की कमी वाले इलाकों में पानी के पाउच भेजने की व्यवस्था की गई है

 कई स्थानों पर जमा गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच गया है। जलजमाव से परेशान कई परिवार अपने घरों में ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। वहीं कुछ लोगों को निचली मंजिल पर रखा सामान ऊपर की मंजिल पर ले जाना पड़ा है। पानी से घिरे ज्यादातर घरों में खाना पकाने का काम भी बंद हो गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक जलजमाव खत्म होने और पानी पूरी तरह निकलने में कुछ दिन लग सकते हैं। हावड़ा नगर निगम के आयुक्त तेजस्वी राणा ने बताया कि नगर निगम के निचले इलाकों में पानी जमा है। पानी जल्द निकालने के लिए अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं।

 दूसरी ओर लंबे समय तक पानी जमा रहने के कारण डेंगू को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय और हावड़ा नगर निगम के आयुक्त तेजस्वी राणा के नेतृत्व में मध्य हावड़ा के कदमतला बाजार में स्वच्छता संकल्प अभियान चलाया गया। हावड़ा नगर निगम के स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: