देशभर में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाने की तैयारी जा रही हैं। राजधानी रायपुर के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों में भजन-कीर्तन, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं चौक-चौराहों पर हांडी फोड़ प्रतियोगिताएं भी होंगी। समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विशेष आयोजन के साथ मनाया जाएगा। 101 किलो दूध से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। रात में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके अलावा 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रानी सती दादी का मंगल पाठ आयोजित किया जाएगा। श्री बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट, नयापारा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दूध अभिषेक के साथ होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे श्रृंगार दर्शन होंगे। दोपहर 3 बजे से भजन प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा, जबकि शाम 7 बजे से भजन संध्या होगी। इसमें भजन सम्राट कैलाश सोनी एवं उनकी टीम भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगी।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर ब्राह्मणपारा स्थित श्री राधाकृष्ण स्वामी मुरली मनोहर सुहागा मंदिर में शुक्रवार को रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।