ओडिशा में पिछले पांच वर्षों के दौरान बकाया बिजली बिलों के कारण कुल 25,076 लो-टेंशन (एलटी) बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने बुधवार को राज्य विधानसभा में यह जानकारी दी।
बीजद नेता एवं बालिकुड़ा-एरसमा विधायक शारदा प्रसन्न जेना के प्रश्न के लिखित उत्तर में सिंह देव ने बताया कि काटे गए कनेक्शनों में से 12,195 कनेक्शन वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच राज्य के सभी डिस्कॉम—TPNODL, TPWODL, TPCODL और TPSODL—के तहत पुनः जोड़ दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि कृषि कार्यों के लिए बिजली रियायती दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। एलटी उपभोक्ताओं के लिए 1.50 पैसे प्रति यूनिट तथा एचटी उपभोक्ताओं के लिए 1.40 पैसे प्रति यूनिट की दर निर्धारित की गई है, जो औसत बिजली दरों की तुलना में काफी कम है।
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सेक्शन कार्यालय से लेकर सर्किल कार्यालय तक सभी डिस्कॉम कार्यालय आवश्यक कदम उठा रहे हैं। किसान अपनी शिकायतों के निवारण हेतु एक्सपीरियंस सेंटर और कस्टमर केयर से भी संपर्क कर सकते हैं।
सिंह देव ने आगे बताया कि ओडिशा विद्युत विनियामक आयोग (OERC) के नियमों के अनुसार डिस्कॉम के अंतर्गत शिकायत निवारण मंच (GRF) कार्यरत हैं तथा उपभोक्ता शिकायतों के समाधान के लिए ओम्बड्समैन कार्यालय भी सक्रिय हैं।