रात के समय कोलकाता में अक्सर कम बसों की शिकायतें मिलती रहती हैं। खासतौर पर देर रात को ऑफिस से काम कर महानगर के अलग-अलग हिस्सों में आवाजाही करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। अब राज्य सरकार ने कोलकाता में देर रात तक चलने वाली बसों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। बताया जाता है कि हावड़ा, सियालदह और एयरपोर्ट से आवाजाही करने वाले यात्रियों को कोई समस्या न हो, इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो 1 अगस्त (शनिवार) की रात से ही कोलकाता में सरकारी बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। साथ ही परिवहन विभाग की ओर से इस दिशा में निजी बस मालिक संगठनों से भी आगे आने का अनुरोध किया गया है।
गौरतलब है कि तृणमूल सरकार के दौरान बसों की नाइट सेवाओं को शुरू तो किया गया था लेकिन कुछ दिनों के अंदर ही इसे बंद कर दिया गया था। इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए उन रूट्स पर ही बसों की संख्या को बढ़ाने का फैसला लिया गया है जिन पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है।
परिवहन विभाग सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में बसों की आखिरी ट्रिप का समय 10 के बजाए 10.30 बजे किया जा रहा है। जिन रूट्स पर बस सेवाओं को बढ़ाने का फैसला लिया गया है उनमें शामिल हैं : नीलगंज डिपो-हावड़ा स्टेशन, हावड़ा स्टेशन-पाटुली, हावड़ा स्टेशन-गड़िया बस स्टैंड, गड़िया बस स्टैंड-हावड़ा स्टेशन, हावड़ा स्टेशन-बालीगंज स्टेशन, डनलप-बालीगंज स्टेशन, उल्टाडांगा-इकोस्पेस (न्यू टाउन), कोलकाता एयरपोर्ट-गड़िया बस स्टैंड।
इसके अलावा अलग-अलग डनलप, राजाबाजार, उल्टाडांगा और बारासात की ओर आवाजाही करने वाली बसों की संख्या बढ़ाने की पहल भी की जाएगी।