ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने और विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने नई रेल लाइन परियोजनाओं में तेजी लाने और ओडिशा में समग्र रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक में क्षेत्रीय और औद्योगिक संपर्क को सुदृढ़ कर राज्य की आर्थिक विकास गति को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ओडिशा में रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने, नई रेल परियोजनाओं में तेजी लाने और पूरे राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। हमारी प्राथमिकता क्षेत्रीय और औद्योगिक संपर्क को सशक्त बनाकर आर्थिक विकास को गति देना है। केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से हम विकसित और समृद्ध ओडिशा के निर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से ओडिशा विकसित और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने औद्योगिक और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए चल रही रेलवे परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी बल दिया।