चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर तक रांची में लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से रांची के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लगातार बारिश के कारण रांची के निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को आंशिक या भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं, खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है। उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने आपदा प्रबंधन, राजस्व, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदियों और बड़े नालों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों को सड़कों, नालियों तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।