बिहार में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 20 जून तक राज्य के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मंगलवार को राज्य के 24 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, इनमें 4 जिलों में भीषण बारिश होगी। इन 4 जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है,मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका जताई है। इसमें पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 50-60 किमी की रफ्तार से हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में आंधी-तूफान व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दूसरी ओर सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में 50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक 19 से 21 जून तक पूरे राज्य में भारी वर्षा का अनुमान है। तीन दिनों तक पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार जिलों में भारी बारिश हो सकती है।