बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के कोलकाता आगमन को लेकर बंगाल में उत्साह का माहौल है। सनातन प्रेमियों और बाबा के श्रद्धालुओं का लंबे समय से किया जा रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी पहली बार कोलकाता पधारने वाले हैं। 4 से 6 सितंबर तक हावड़ा के लिलुआ वर्कशॉप ग्राउंड में तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य आयोजन होने जा रहा है। इस दौरान दो दिन श्री हनुमंत कथा और एक दिन दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। बाबा के कोलकाता आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के इस धार्मिक आयोजन में पहुंचने की उम्मीद है। बाली के विधायक संजय सिंह ने आयोजन को लेकर कहा कि बागेश्वर सरकार बंगाल के सनातन प्रेमियों के लिए आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोग मिल-जुलकर प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी पहले भी बंगाल आने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्यक्रम नहीं हो पाया था। अब लंबे इंतजार के बाद बाबा के कोलकाता आगमन को लेकर बंगाल के लोगों में खासा उत्साह है। लिलुआ वर्कशॉप ग्राउंड में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर आयोजन समिति और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।