बलांगीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की आड़ में गांजा की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ई-कॉमर्स पार्सल के जरिए दूसरे राज्यों में गांजा भेज रहे थे। पुलिस ने गिरोह का भंडाफोड़ कर मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। वहीं, नेटवर्क के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
गुप्त सूचना के आधार पर बलांगीर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और इस गिरोह का पर्दाफाश किया। आरोपी गांजा को ई-कॉमर्स डिलीवरी बॉक्स और टेप की मदद से इस तरह पैक करते थे कि जांच के दौरान किसी को शक न हो।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी स्थानीय इलाकों से कम कीमत पर गांजा खरीदते थे और उसे ऑनलाइन ऑर्डर के रूप में दिखाकर राज्य के बाहर ऊंची कीमत पर बेचते थे।
पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरोह में किसी डिलीवरी एजेंट या कंपनी के कर्मचारी की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपियों के कॉल डिटेल्स और बैंक लेन-देन की भी जांच कर रही है।