बिहार के समस्तीपुर में लूट की एक बड़ी घटना सामने आयी है। यहां हथियारबंद अपराधियों ने करीब 5 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई है। दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एसबीआई सीएसपी को अपना निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, लुटेरों ने बैंक से करीब पांच लाख रुपये लूट लिए।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो, सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग स्थित एसबीआई सीएसपी पर दो बाइक से चार बदमाश पहुंचे। सभी बदमाश नकाबपोश थे और आधुनिक हथियारों से लैस थे। बताया गया कि, तीन बदमाश सीएसपी केंद्र के अंदर घुस गए, जबकि उनका एक साथी बाहर रहकर निगरानी करता रहा।
सीएसपी के अंदर घुसे बदमाशों ने संचालक और वहां मौजूद ग्राहकों को हथियार का भय दिखाकर डरा दिया। इसके बाद अपराधियों ने काउंटर से करीब पांच लाख रुपये नगद लूट लिए। घटना के समय केंद्र के अंदर कई महिला और पुरुष ग्राहक भी मौजूद थे, जो इस घटना से बेहद डरे हुए हैं। लूट की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। लूट की इतनी बड़ी वारदात के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। इस घटना को लेकर जिले के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।