ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दीघा मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के फैसले की आधिकारिक पुष्टि करने पर गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पूर्व घोषणा के बाद अब इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। इसके तहत दीघा स्थित मंदिर परिसर को अब ‘श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ और परिसर के भीतर स्थित मंदिर को ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ के नाम से जाना जाएगा।
इस विवाद का जिक्र करते हुए माझी ने कहा कि दीघा मंदिर परिसर के लिए पहले पवित्र नाम ‘जगन्नाथ धाम’ का इस्तेमाल करने का फैसला श्रीक्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता की अनदेखी थी। इससे भगवान जगन्नाथ के लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि ओडिशा की ओर से उठाई गई चिंताओं को समझने और उनका त्वरित समाधान करने के लिए वह सुवेंदु अधिकारी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
ओडिशा की जनता की ओर से मुख्यमंत्री ने सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से दोनों राज्यों के सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे तथा श्रीक्षेत्र की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान भी सुरक्षित रहेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा,
“महाप्रभु श्रीजगन्नाथ विश्व की आध्यात्मिक आत्मा और हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान के सबसे बड़े प्रतीक हैं। पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार द्वारा श्रीक्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता की अनदेखी करते हुए दीघा मंदिर परिसर के लिए पवित्र नाम ‘जगन्नाथ धाम’ का इस्तेमाल करने के फैसले से श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची थी।
मुझे खुशी है कि पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी जी ने अपनी पूर्व घोषणा के बाद अब दीघा मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के फैसले की आधिकारिक पुष्टि सुनिश्चित की है। इस संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए मैं श्री अधिकारी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल की भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों की साझा प्रतिबद्धता और रचनात्मक सहयोग से यह सकारात्मक समाधान संभव हो पाया है। यह सनातन परंपराओं और लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति हमारे साझा सम्मान को दर्शाता है।
ओडिशा की जनता की ओर से मैं मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी जी और पश्चिम बंगाल सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। इस फैसले से दोनों राज्यों के सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे तथा श्रीक्षेत्र की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान भी सुरक्षित रहेगी। हमारी सरकार ओड़िया अस्मिता और महाप्रभु की महिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।