ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य पुलिस प्रमुख के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने पर निवर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया के प्रति आभार व्यक्त किया। खुरानिया आज सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी खुरानिया की ओडिशा के लिए दीर्घकालिक और समर्पित सेवा के लिए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांति और सद्भाव कायम रखने में खुरानिया के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने ओडिशा पुलिस प्रशासन को अधिक कुशल, सशक्त और जन-केंद्रित बनाने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया।
माझी ने अपनी पोस्ट में कहा, “ओडिशा पुलिस के डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया के कार्यकाल के पूर्ण होने के अवसर पर मैं उनकी लंबी और समर्पित सेवा के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने निवर्तमान डीजीपी के स्वस्थ और समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उनके जीवन के अगले चरण के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस बीच, 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी और क्राइम ब्रांच के डीजी विनयतोष मिश्रा, खुरानिया की सेवानिवृत्ति के बाद आज ओडिशा पुलिस के प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे।