ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से दो संवेदनशील जांच रिपोर्टों के कथित रूप से गायब होने के मामले में भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्तालय के कैपिटल थाना पुलिस ने पूर्व आईएएस अधिकारियों उपेंद्र नाथ बेहरा और राजेश वर्मा को नोटिस जारी किया है।
पुलिस की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, वर्तमान में नई दिल्ली में कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के अध्यक्ष राजेश वर्मा को 30 जुलाई 2026 तक भुवनेश्वर के एसीपी, जोन-1 कार्यालय में जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला कैपिटल थाना कांड संख्या 460, दिनांक 10 जून 2026 से जुड़ा है, जो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने राजेश वर्मा से जांच से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज, रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य सामग्री साथ लाने को भी कहा है। इस मामले में उन्हें जारी किया गया यह दूसरा नोटिस है।
वहीं, पूर्व आईएएस अधिकारी उपेंद्र नाथ बेहरा को भी 26 जुलाई सुबह 11 बजे एसीपी, जोन-1 के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि यह मामला मुख्यमंत्री कार्यालय के रिकॉर्ड से दो महत्वपूर्ण जांच रिपोर्टों के कथित रूप से गायब होने से जुड़ा है। इनमें 2008 के कंधमाल दंगों पर न्यायमूर्ति एएस नायडू आयोग की रिपोर्ट तथा 2016 के सम अस्पताल अग्निकांड की आरडीसी जांच रिपोर्ट शामिल हैं।