जिले के लेस्लीगंज के रहने वाले अवधेश राम 20 वर्ष पहले लापता हो गए थे। अब बीस साल बाद उनको कोलकाता से बरामद किया गया है। अवधेश राम के परिजन और पुलिस की टीम उनको कोलकाता से लाने के लिए रवाना हो गई है। पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के राजहरा गांव के रहने वाले अवधेश राम 20 वर्ष पहले अपने घर से बाहर निकले थे और लापता हो गए थे। जिस समय वह घर से चले गए थे उस दौरान उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। अवधेश राम की शादी हो चुकी थी और उनकी दो बच्चियां भी हैं। दोनों बच्चियों की अब शादी भी हो चुकी है।
दरअसल पलामू के लेस्लीगंज थाना के सरकारी नंबर पर कोलकाता पुलिस एवं एक स्वयंसेवी संस्था का कॉल आया था। कॉल पर अवधेश राम के बारे में जानकारी दी गई थी। कोलकाता पुलिस और स्वयंसेवी संस्था के द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस अवधेश राम के घर पर पहुंची थी जिसके बाद उसके नाम और पते का सत्यापन किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फोटो और वीडियो के आधार पर अवधेश राम की पहचान हुई है। 20 वर्षों के बाद अवधेश राम अपने परिजनों से मिलेंगे।