ओडिशा में जारी बाढ़ के बीच बुधवार को केंदुझर जिले में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एक फायर सर्विस कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन पटनायक के रूप में हुई है। वह फायर ब्रिगेड की उस टीम का हिस्सा थे, जो केंदुझर शहर के सरकारी बालिका उच्च विद्यालय के पास स्थित एक जलमग्न मकान में बाढ़ की सूचना मिलने पर राहत कार्य के लिए पहुंची थी।
टीम मकान में जमा बारिश का पानी पंप के जरिए निकाल रही थी। इसी दौरान चंदन पटनायक का घर के पास कपड़े सुखाने वाली तार के ऊपर से गुजर रहे करंट प्रवाहित बिजली के तार से अचानक संपर्क हो गया। करंट लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
साथी कर्मियों ने उन्हें तुरंत केंदुझर जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- ड्यूटी के दौरान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में फायर सर्विस कर्मी चंदन पटनायक के असामयिक निधन की खबर से मैं बेहद व्यथित हूं। इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं भगवान श्री जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।