पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी एक्शन में दिखते नज़र आए। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य प्रशासन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। इतना ही नहीं सीएम ने इसे 'नए बंगाल की शुरुआत' बताया है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार की योजनाओं को पूरी तरह लागू किया जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी लाई जाएगी।
नई सरकार ने राज्य में केंद्र की स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत लागू करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी।
सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने बॉर्ड सिक्यूरिटी फोर्स को बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के अनुसार सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और अवैध घुसपैठ रोकने के लिए यह कदम जरूरी माना गया है।
सरकार ने उन 321 बीजेपी कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी, जिनकी राजनीतिक हिंसा में जान गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सरकार जरूरी कदम उठाएगी।
राज्य में अब भारतीय न्याय संहिता को लागू करने का फैसला लिया गया है। सरकार के अनुसार अब राज्य में दर्ज होने वाले नए आपराधिक मामले इसी नए कानून के तहत दर्ज किए जाएंगे। साथ ही नौकरशाहों की केंद्रीय ट्रेनिंग और तैनाती को भी मंजूरी दे दी गई है।
इसके अलावा नई सरकार ने माना कि वर्ष 2015 के बाद राज्य में बड़े स्तर पर सरकारी भर्ती नहीं हुई। अब विभिन्न विभागों में नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए जल्द ही भर्ती से जुड़ी नई घोषणाएं की जाएंगी।