पूर्व बीजद नेता मुक्तिकांत मंडल व मंजुलता भाजपा में शामिल

  • Jul 01, 2026
Khabar East:Former-BJD-Leaders-Muktikanta-Mandal-Manjulata-Mandal-Join-BJP
भुवनेश्वर,01 जुलाईः

ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) को बड़ा झटका देते हुए धामनगर के पूर्व विधायक मुक्तिकांत मंडल और भद्रक की पूर्व सांसद मंजुलता मंडल बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दोनों नेताओं ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बीजद के कई अन्य पूर्व नेता भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें सिमुलिया की पूर्व विधायक सुभासिनी साहू, शशि साहू, भद्रक नगर परिषद के पूर्व पार्षद प्रणय दास तथा बीजद के एक पूर्व जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मन्मोहन सामल की मौजूदगी में इन नेताओं और उनके कई समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा।

 गौरतलब है कि मंजुलता मंडल ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजद के टिकट पर भद्रक सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा के अभिमन्यु सेठी को हराया था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें उसी सीट पर अभिमन्यु सेठी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

 वहीं, मुक्तिकांत मंडल ने 2014 के विधानसभा चुनाव में धामनगर सीट से बीजद उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के बिष्णु चरण सेठी को पराजित किया था। इसके बाद हुए चुनावों में बीजद ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: