ओडिशा के बालेश्वर जिले में शादी समारोह के दौरान चिकन और मटन परोसने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कथित तौर पर चार नाबालिगों ने कैटरिंग में काम करने वाले एक युवक का धारदार हथियार से गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज चल रहा है।
यह घटना बालेश्वर जिले के रेमुणा थाना क्षेत्र अंतर्गत अथांतर गांव में 24 जून की रात करीब 10 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में कैटरिंग कर्मी ने कुछ लोगों को मटन की जगह चिकन परोस दिया, जिससे विवाद हो गया। समारोह समाप्त होने के बाद जब युवक वहां से लौट रहा था, तभी चार नाबालिगों ने उसका पीछा किया और पीछे से धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर बाद में एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेमुणा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर किशोर गृह भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। आवश्यकता पड़ने पर वैज्ञानिक टीम (फॉरेंसिक टीम) की भी मदद ली जाएगी।