पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में सामूहिक बलात्कार के मामले पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रात के समय लड़कियों को बाहर नहीं जाने दिया जाना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ममता ने मामले पर हो रही राजनीति को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लड़की एक निजी कॉलेज में पढ़ रही थी। वह रात में कैसे बाहर आ गई? जहां तक मुझे पता है, घटना जंगल में हुई थी। मैं इस घटना को देखकर स्तब्ध हूं, लेकिन निजी मेडिकल कॉलेजों को भी अपने छात्रों, खासकर लड़कियों का ध्यान रखना चाहिए। लड़कियों को रात में कॉलेज से बाहर नहीं जाने देना चाहिए। उन्हें अपनी सुरक्षा खुद सुनिश्चित करनी होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी दोषी होगा उसे कड़ी सजा मिलेगी।
10 अक्टूबर की रात दुर्गापुर के शोभापुर इलाके में एक निजी कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही एक छात्रा से सामूहिक बलात्कार हुआ था। छात्रा अपने दोस्त के साथ खाना खाने बाहर गई थी, तभी आते वक्त कुछ युवकों ने महिला को रोका और जबरन पास के जंगल में ले गए। यहां छात्रा के साथ बलात्कार किया। पीड़ित छात्रा ओडिशा की रहने वाली है। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।