ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंचानन कानूनगो को चुनौती दी कि वे इस आरोप के समर्थन में सबूत पेश करें कि मंत्री या उनके परिवार के पास भगवान जगन्नाथ की जमीन है। हरिचंदन ने कहा कि अगर महाप्रभु की एक इंच भी जमीन मेरे नाम पर हुई, तो मैं राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लूंगा। अगर वे सबूत पेश नहीं कर सकते, तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, पंचानन कानूनगो ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि कानून मंत्री या उनके परिवार को यह शपथ लेनी चाहिए कि उनके नाम पर भगवान जगन्नाथ की कोई जमीन नहीं है।
इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए हरिचंदन ने कहा कि पंचानन कानूनगो जैसे वरिष्ठ नेता के लिए बिना तथ्य या सबूत के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है।
कानून मंत्री ने कहा, “मैं महाप्रभु जगन्नाथ का बहुत बड़ा भक्त हूं। महाप्रभु ने मुझे इस विभाग के माध्यम से उनकी सेवा करने का अवसर दिया है। लेकिन झूठे आरोप लगाकर मुझे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। पंचानन जैसे वरिष्ठ नेताओं को इस तरह का व्यवहार बिल्कुल शोभा नहीं देता।
हरिचंदन ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगाए जाने वाले आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत होना चाहिए।