जिले में रसोई गैस की रिफिलिंग को लेकर लोगों में भारी परेशानी देखने को मिल रही है। गैस एजेंसियों पर सुबह पांच बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही है। लेकिन कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए सदर एसडीएम विकास कुमार ने गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए सभी गैस एजेंसी संचालकों और संबंधित अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर एसडीएम ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और गैस का वितरण पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है। इसके साथ ही एसडीएम ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। वहीं गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने एजेंसियों पर अव्यवस्था की शिकायत की। उनका कहना है कि ऑनलाइन मिलने वाला चार अंकों का नंबर एजेंसी पर छह अंकों में मांगा जा रहा है,जिसके कारण गैस प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है और लोगों को बार-बार लाइन में लगना पड़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कर उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।