ओडिशा के बलांगीर जिले में गुरुवार को इलेक्ट्रिक स्कूटर से जा रहे एक आरटाई कार्यकर्ता पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घायल की पहचान कांटाबांजी क्षेत्र के निवासी सुरथ बेहरा के रूप में हुई है। उन पर सिंदखेला थाना क्षेत्र अंतर्गत भुरसागुड़ा-कुहुरा सड़क पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना सड़क के एक सुनसान हिस्से में नवनिर्मित पंचायत भवन के पास हुई।
आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने सड़क की खराब स्थिति और वहां लोगों की कम आवाजाही को देखते हुए इस स्थान को हमले के लिए चुना था। हालांकि, हमले के पीछे की परिस्थितियों और मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिंदखेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने घायल बेहरा को बचाया और एंबुलेंस से सिंदखेला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना ने ओडिशा में आरटीआई कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पिछले साल अक्टूबर में बालेश्वर जिले के भोगराई इलाके में आरटीआई कार्यकर्ता सुभाष चंद्र प्रधान पर कथित तौर पर सुनियोजित हमला किया गया था। बताया गया था कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। वहीं, इस साल मई में एक अन्य आरटीआई कार्यकर्ता पर राष्ट्रीय राजमार्ग-55 के पास तलवार से हमला किया गया था, जिसमें वह घायल हो गए थे।
पुलिस गुरुवार को हुए हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल किसी हमलावर की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं मिली है।