पिछले करीब 1 सप्ताह से बुखार और खांसी से पीड़ित एक बच्चे में कोरोना संक्रमण मिलने से हड़कंप मच गया है। परिवार के लोगों को लगा था कि सामान्य वाइरल संक्रमण है लेकिन जब संक्रमण कम नहीं हुआ तो उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। जांच के दौरान 11 वर्षीय उक्त बच्चे के कोविड-19 से संक्रमित होने की जानकारी मिली है। पियरलेस अस्पताल सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले काफी दिनों से उक्त बच्चा बुखार से तड़प रहा था। इसके साथ ही उसे काफी तेज खांसी की शिकायत भी थी। समस्या इतनी बढ़ गयी थी कि खांसने की वजह से उसे रात को ठीक से नींद भी नहीं आ रही थी। हालत बिगड़ने पर बच्चे को पियरलेस अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि बच्चे के खून में ऑक्सीजन की मात्रा काफी तेजी से घट-बढ़ रही थी। कोरोन संक्रमण के लक्षणों के साथ बच्चे के लक्षण मिल जाने की वजह से उसका RTPCR टेस्ट करवाया गया। रिपोर्ट में उसके कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी मिली। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे को निमोनिया का संक्रमण भी है। वर्तमान में उसका इलाज पेडियाट्रिक क्रिटिकल केयर यूनिट में किया जा रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, मानसून या बारिश के मौसम में यदि किसी को लंबे समय तक बुखार रहता है, गंभीर खांसी या सांस लेने में तकलीफ होती है, तो उसे सामान्य वायरल मानकर नजरंदाज नहीं करना चाहिए। तुरंत कोरोना की जांच करानी चाहिए।